जोया (अमरोहा)। खाना खाकर टहलने निकले मजदूर की हाईवे पर हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ये हादसा रविवार की रात 10 बजे हुआ। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव जोया के मोहल्ला मुंशियान में अनवार का परिवार रहता है। उनका सातवें नंबर का बेटा मुनाजिर भी शादीशुदा था। मुनाजिर के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे हैं। रविवार की रात मुनाजिर खाना खाने के बाद पैदल टहलने के लिए निकला था। तभी दिल्ली की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मुनाजिर(32) की मौके पर मौत हो गई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक मजदूरी करता था। मामले में मृतक के भतीजे की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि कार के चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।