हसनपुर। पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर दवा लेकर लौट रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मूल रूप से सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव ढक्का मोड़ निवासी शमशाद (35) पुत्र ताजुद्दीन पिछले 13 वर्षों से अपनी ससुराल गांव मंगरौली में पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। यहीं पर वह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। रविवार की देर शाम वह पत्नी तस्वीरन के साथ बाइक पर सवार होकर हसनपुर से दवा लेकर लौट आ रहा था। रहरा-हसनपुर मार्ग पर जैसे ही उसकी बाइक हथियाखेड़ा के नजदीक पहुंची तो सामने से आ रही स्कूटी से टक्कर हो गई। इसमें दोनों घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां देर रात उपचार के दौरान शमशाद की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शमशाद ने अपने पीछे चार बच्चे तीन बेटी व एक बेटा छोड़ा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।