राजमिस्त्री पर गोली चलाने वाला लैब संचालक गिरफ्तार
अमरोहा। गाली-गलौज का विरोध करने पर पैथोलॉजी लैब संचालक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजमिस्त्री पर गोली चला दी। इस घटना में वह बच गया। पुलिस ने आरोपी लैब संचालक के खिलाफ मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पिस्टल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
यह घटना रविवार को अमरोहा नगर के मोहल्ला तकिया हुसैन शाह में हुई। इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि नगर के मोहल्ला तकिया हुसैन शाह रोड पर वसीक अली का परिवार रहता है। राजमिस्त्री वसीक अली रविवार की सुबह मोहल्ले में ही कलीम जैदी के मकान पर काम कर रहा था। आरोप है कि मोहल्ले का ही रहने वाला पैथोलॉजी लैब संचालक नहीमउद्दीन खान वहां पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। राजमिस्त्री वसीक अली ने विरोध किया तो अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली राजमिस्त्री के पास से होकर गुजर गई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी नहीमुद्दीन खान एक निजी अस्पताल में लैब चलता है। उसके खिलाफ धारा 307 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।