अमरोहा। सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिहाज से जिले को चार सुपर जोन, 12 सेक्टर और 72 सब सेक्टर में बांटा है। इसके लिए जोन, सेक्टर और सब सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इतना ही नहीं प्रशासन ने मुख्य रूप से जलाभिषेक वाले नौ मंदिरों को चिह्नित किया है।
यहां पर ड्रोन कैमरे से असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। पूरे महीने चलने वाली कांवड़ यात्रा में हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगा जल लेकर करीब छह लाख शिवभक्त गंतव्य को लौटते हैं। सावन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। अमरोहा जिले के साथ ही बरेली, संभल, मुरादाबाद, रामपुर समेत आसपास अन्य कई जिलों के शिवभक्त हरिद्वार व ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल लेकर जिले से गुजरते हैं। यात्रा के मद्देनजर अमरोहा-बिजनौर, गजरौला-चांदपुर स्टेट हाईवे संग नेशनल हाईवे तक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि अमरोहा नगर का वासुदेव तीर्थ मंदिर, बहलौलपुर गांव का शिव मंदिर, गजस्थल का शिव मंदिर, हसनपुर का शिवाला मंदिर, फूलपुर गांव का शिव मंदिर, बिजनौरा गांव का शिव मंदिर, आदमपुर का शिव मंदिर, कोकापुर का शिव मंदिर, मंडी धनौरा का पत्थरकुटी मंदिर और गजरौला का चाकेश्वर मंदिर पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने का अनुमान है।
-
22 से 19 अगस्त तक हाईवे पर रहेगा रूट डायवर्जन
22 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है, इसलिए नेशनल हाईवे पर 19 जुलाई की सुबह 8 बजे से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। हाईवे पर निजी बस, डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली व बड़े माल वाहक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जबकि 21 जुलाई की दोपहर 12 से 22 जुलाई की शाम 8 बजे तक छोटे वाहन जीप, कार, पिकअप को भी डायवर्ट किया जाएगा। सभी वाहनों वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से 19 अगस्त तक है। शिवरात्रि दो अगस्त को मनाई जाएगी। प्रत्येक सोमवार को मंदिर और शिवालयों में जलाभिषेक किया जाता है। इससे पहले शनिवार और रविवार को शिवभक्त जल लेने जाते हैं, जबकि कुछ भक्त वापस लौटते हैं। मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले सभी वाहन मुरादाबाद व पाकबड़ा से डायवर्ट होंगे। जबकि, दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ आने वाले सभी वाहनों को गढ़मुक्तेश्वर से डायवर्ट किया जाएगा।
मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर लगेंगे शिविर
एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि इस बार मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर कांवड़िये चलेंगे, जबकि दिल्ली से मुरादाबाद लेन पर वाहन चलेंगे। इसलिए शिव भक्तों के लिए लगने वाले सेवा शिविर भी दिन मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर ही लगेंगे।
-
हाईवे पर अवैध कट बन सकते हैं हादसे का सबब
अमरोहा। कांवड़ियों के लिए हाईवे पर बने अवैध कट हादसे का सबब बन सकते हैं। रजबपुर बाईपास, अतरासी चौराहा, डिडौली, चौधरपुर ओवरब्रिज और बुढ़नपुर में सबसे अधिक हादसे हुए हैं। एनएचएआई के जिम्मेदार भी हादसों को लेकर गंभीर नहीं हैं। डीएम लगातार एनएचएआई के अधिकारियों को अवैध कट बंद कराने के निर्देश देते हैं, बावजूद इसके उनके आदेशों पर अमल नहीं हो रहा। यही वजह है कि नेशनल हाईवे पर बने अवैध कटों से बेपरवाह होकर लोग सड़क पार करते हैं। शुक्रवार को डिडौली क्षेत्र में बने अवैध कटों से लोग बेझिझक निकलते दिखे। अगर गंभीरता से नहीं लिया जो ये अवैध कट कांवड़ियों के हादसे का सबब बन सकते हैं।
कब तक होगा हाईवे पर रूट डायवर्जन
पहला सोमवार 22 जुलाई को-
डायवर्जन 21 जुलाई की दोपहर 12 बजे से 22 जुलाई की रात 8 बजे तक
दूसरा सोमवार 29 जुलाई को-
डायवर्जन प्लान 28 जुलाई की दोपहर 12:00 बजे से 29 जुलाई की रात 8:00 बजे तक
महाशिवरात्रि दो अगस्त को-
डायवर्जन 1 जुलाई की दोपहर 12 बजे से 3 अगस्त की रात 8 बजे तक
तीसरा सोमवार 5 अगस्त को-
डायवर्जन 4 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 5 अगस्त की रात 8 बजे तक
चौथा सोमवार 12 अगस्त को-
डायवर्जन 11 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक
पांचवा सोमवार 19 अगस्त को-
डायवर्जन 18 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 19 अगस्त की रात 8 बजे तक