गजरौला(अमरोहा)। मोहम्मदाबाद व फाजलपुर बिजलीघर के जेई सचिन गुप्ता को अधीक्षण अभियंता ने निलंबित कर दिया है। जनप्रतिनिधियों ने पिछले दिनों निरीक्षण के लिए आए ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र से जेई की शिकायत की थी।
तीन अगस्त को प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री ने मोहम्मदाबाद बिजलीघर का निरीक्षण किया था। इस दौरान उनको बिजलीघर में कई खामियां मिली थीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने राज्यमंत्री से जेई की शिकायत की थी। कहा था कि चेकिंग के नाम पर ग्रामीणों को परेशान करता है। सर्दियों में चेकिंग के नाम पर एक गांव में ग्रामीण के घुस गया। इस दौरान विभाग की टीम ने महिलाओं से अभद्रता की थी। जिस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम को कमरे में बंद कर लिया था। इससे पहले जेई का ऑडियो वायरल हुआ। इसमें उसने बिजली चोरी का मामला निपटाने के लिए पांच हजार रुपये की मांग की। इसकी शिकायत अधीक्षण अभियंता से की गई थी। पुरानी शिकायतों और ऊर्जा राज्य मंत्री के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता ने जेई सचिन गुप्ता को निलंबित कर दिया है। उनको हटाकर हसनपुर संबद्ध कर दिया गया है। गंगदासपुर के जेई मनोज कुमार को मोहम्मदाबाद व फाजलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।