अमरोहा। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले को चार जोन और बारह सेक्टरों में बांटने की तैयारी है। शिवभक्तों को दिक्कत न हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है। इस दिन जनपद के 69 मंदिर और शिवालयों पर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया जाएगा। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। अमरोहा जिले के साथ ही बरेली, संभल, मुरादाबाद, रामपुर समेत आसपास अन्य कई जिलों के शिव भक्त हरिद्वार से कांवड़ में गंगा जल लेकर जिले की सीमा से गुजरते हैं। यात्रा के मद्देनजर अमरोहा-बिजनौर, गजरौला-चांदपुर स्टेट हाइवे संग नेशनल हाईवे तक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिले के मंदिर और शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। पुलिस- प्रशासनिक अफसर इसकी तैयारियां चल रही हैं। जिन भी मार्गों से कांवड़िए गुजरते हैं, वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि अमरोहा शहर के प्राचीन श्रीवासुदेव तीर्थ स्थल समेत गजरौला में चाकेश्वर महादेव शिव मंदिर, मंडी धनौरा में पत्थर कुटी शिव मंदिर, हसनपुर में शिवाला मंदिर,नौगावां सादात में प्राचीन शिव मंदिर गजस्थल में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने का अनुमान फिलहाल लगाया गया है।