एक कंपनी में पैसा निवेश कर लाखों रुपये गंवाने वाले निवेशकों और अभिकर्ताओं ने ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कहा, कोर्ट के आदेश के बाद भी निवेशकों का धन लौटाने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित डिप्टी कलक्टर को सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
निवेशकों ने कहा कि देश की एक बहुचर्चित कंपनी में पांच करोड़ से अधिक लोगों ने अपना निवेश किया था। जिले से भी करीब एक लाख लोगों ने 15 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी ने निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की और भाग गई। निवेशक अपने पैसे के लिए दर-दर भटक रहे हैं। कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोढ़ा कमेटी के गठन का आदेश दिया था। लेकिन, कमेटी ने पैसा लौटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है।
कहा, कंपनी से जुड़े कई अभिकर्ता निवेशकों के दबाव के कारण आत्महत्या तक कर चुके हैं। कहा कि दो माह के भीतर इस समस्या का समाधान कराया जाएगा। लेकिन आज तक इस मामले में कोई पहल नहीं की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही धन का भुगतान नहीं कराया गया तो निवेशक और अभिकर्ता सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान रामगोपाल सिंह, रईसउद्दीन, शाहिद, फैय्याज, रमेश सिंह, डॉ. वीरसिंह, मलखान सिंह, महेंद्र सिंह, विपिन कुमार, संतोष कुमार, कमलेश, डॉ. अलीहसन मौजूद रहे।