डायरिया से मासूम की मौत, झोलाछाप पर लगाया उपचार में लापरवाही का आरोप, हंगामा
ढबारसी। डायरिया से पीड़ित मासूम की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने झोलाछाप पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान झोलाछाप फरार हो गया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के बड़ा माझरा गांव में इकबाल ने पांच वर्षीय बेटे योगेश को डायरिया की शिकायत थी। तीन दिन पूर्व इकबाल ने बेटे को गांव के ही झोलाछाप के क्लीनिक पर उसे भर्ती कराया था। यहां उसकी हालत और बिगड़ गई। जिसे उपचार के लिए संभल ले जाया गया। संभल में उपचार के दौरान शुक्रवार की शाम को मासूम की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। नाराज परिजन बच्चे के शव को लेकर आदमपुर में झोलाछाप के यहां पहुंचे। यहां उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान आरोपी झोलाछाप मौके से फरार हो गया। बिना कार्रवाई के ही परिजन शव को अपने साथ ले गए। इकबाल पर दो बेटे एवं एक बेटी है। मृतक मासूम सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर कोई शिकायती पत्र प्राप्त होता है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।