अमरोहा। मार्च का महीना आधा बीत चुका है और मौसम में खासा बदलाव महसूस किया जा रहा है। दिन में मौसम गर्म महसूस किया जा रहा है। मौसम को बदलाव लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। इन दिनों बुखार के साथ-साथ पेट दर्द और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में रोजाना पेट दर्द के करीब 40 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
इन दिनों दिन में निकल रही तेज धूप गर्मी का अहसास कराने लगी है। हालांकि, अभी रात और सुबह का मौसम कुछ ठंडा है। ऐसे में लोग मौसमी बीमारियों से जूझने लगे हैं। जिला अस्पताल मरीजाें की भीड़ जुटने लगी है। इनमें पेट दर्द के अलावा अन्य मरीज खांसी, जुकाम व बुखार के रहते हैं। जिला अस्पताल में तैनात फिजीशियन डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बीमारियां बढ़ रही हैं। पेट दर्द और उल्टी दस्त के रोगियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। रोजाना 50 से अधिक मरीज पेट दर्द और संक्रमण से ग्रस्त हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेमापंत त्रिपाठी ने बताया कि मौसम में बदलाव हो रहा है। खान पान का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। लोग तली भुनी चीजों का अधिक सेवन कर रहे हैं, जिससे वह पेट दर्द और संक्रमण से जूझ रहे हैं। बताया कि मंगलवार को 803 मरीजाें की ओपीडी हुई। जिसमें बुखार के साथ-साथ पेट के मरीज भी इलाज के लिए पहुंचे।
-
बदलते मौसम में इन बातों का रखें ध्यान
- तला-भुना खाद्य सामग्री का सेवन कम करें
- बासी भोजन करने से बचें
- पानी का सेवन करते रहें
- शीतल पेय पदार्थ का सेवन न करें
- बिना चिकित्सक की सलाह के कोई दवा का सेवन न करें