भूमि की पैमाइश करने गई महिला तहसीलदार से शिकायतकर्ता ने अभद्रता की। उन्हें अंजाम भुगतने और 15 अगस्त के बाद स्थानांतरण कराने की धमकी भी दे डाली। तहसीलदार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हसनपुर की तहसीलदार अर्चना शर्मा ने बताया कि गांव शाहपुर कला निवासी कुंवरपाल ने उसकी भूमि पर कब्जा दिलाए जाने का प्रार्थनापत्र दिया था। सोमवार को वह नायब तहसीलदार केके चौरसिया, चकबंदी कानूनगो, चकबंदी लेखपाल, राजस्व लेखपाल के साथ मौके पर भूमि की पैमाइश कराने पहुंची थीं। पैमाइश शुरू हुई तो कुंवरपाल आपत्ति करने लगा। उसे बताया गया कि पैमाइश सही की जा रही है। आरोप है कि इस पर कुंवरपाल ने तहसीलदार से अभद्रता की, अंजाम भुगतने और पंद्रह अगस्त के बाद ट्रांसफर करवाने की धमकी दी। माहौल गर्म हुआ तो मौके पर मौजूद लोगों ने समझाबुझा कर मामला शांत कराया। इसके बाद तहसीलदार टीम के साथ कोतवाली पहुंचीं और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी ने बताया कि तहसीलदार अर्चना शर्मा की तहरीर पर कुंवरपाल निवासी गांव शाहपुर कला के खिलाफ अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है, आरोपी की तलाश की जा रही है।
कुंवरपाल ने पूर्व में भी तैनात रहे तहसीदार, एसडीएम व जिलास्तरीय अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की थी। रविवार को मैं, टीम के साथ पैमाइश करने के लिए मौके पर गई तो मुझसे अभद्रता की, ट्रांसफर कराने की धमकी दी। पैमाइश में ज्ञात हुआ कि शिकायतकर्ता की भूमि का बैनामा कहीं और है जबकि वह कब्जा दूसरी जगह लेना चाहता है।
अर्चना शर्मा, तहसीलदार हसनपुर