नाले पर बाइक चलाने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों तरफ से पथराव हुआ। बवाल में छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पंद्रह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में फोर्स तैनात किया गया है।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कटाई गांव की है। यहां पर मुस्ताक और भूरा का परिवार रहते हैं। दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। गांव में सरकारी रास्ते का निर्माण चल रहा है। जिस कारण रास्ता बंद है। यहां नाले का निर्माण भी हुआ है। मुस्ताक आरोप है कि भूरे के दो बेटे बाइक लेकर पहुंचे और निर्माणाधीन नाले पर बाइक चलाने लगे। विरोध करने पर गाली गलौज की। जबकि भूरे का आरोप है कि वह अपने बेटे के साथ मजदूरी करने जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक धार्मिक स्थल के पास पहुंची। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर लिया और मारपीट करने लगे।
आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। बवाल में भूरा व मासूम समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बिगड़ते हालात संभाले। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को लाठी भांज कर खदेड़ दिया। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मुस्ताक की तहरीर पर माशूक, जहांगीर, आस मोहम्मद, शौकीन, शाहिद, सुहेल उवैस, अमन और भूरा की तहरीर पर दिलशाद, इमामुद्दीन, नईम, मुनासिब, गुलफाम, भूरा, दानिश के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।