अमरोहा। वन विभाग की टीम ने नौगांवा सादात और डिडौली क्षेत्र में छापेमारी कर नौ आरा मशीन अवैध रूप से चलती पकड़ी लीं। मामले में सभी नौ आरामशीन संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।डीएफओ एसपी सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय वन अधिकारी राजीव वर्मा ने नौगांवा सादात क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही आरा मशीनों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान मखदुमपुर गांव में नौशाद, लविश, अली हसन और बादशाहपुर में मुनव्वर के द्वारा अवैध रूप से चलाई जा रही आरा मशीन को मौके पर पकड़ लिया। बाद में टीम के द्वारा मशीनों को ध्वस्त कर दिया गया है। इस दौरान मौके पर आरा मशीन व उपकरण बरामद हुए जिन्हें जब्त कर लिया है। इस मामले में चारों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वहीं वन दरोगा नेपाल सिंह टीम के साथ रजा डिग्री कॉलेज जोया में आफताब कीअवैध रूप से चल रही आरा मशीन पकड़ीं। इसके अलावा मोहल्ला अजीज नगर में कासिम, ढकिया चमन में शरीफ, पायंती कलां में सत्तार के यहां अवैध रूप से आरा मशीन चलती मिली। सभी को ध्वस्त कर उपकरणों को जब्त कर लिया गया है। साथ ही पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।