चकबंदी विभाग की लगातार मिल रहीं शिकायतों को लेकर डीएम सख्त हो गई हैं। उन्होंने चकबंदी के सभी लेखपालों व विभागीय अधिकारियों को तलब कर काम में सुधार की चेतावनी दी। कहा, यह पहली और अंतिम चेतावनी है। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बृहस्पतिवार को डीएम निधि गुप्ता वत्स ने चकबंदी शिकायतों की अधिकता के चलते विभाग के सीओ, एसीओ, कानूनगो और लेखपालों को कार्यालय में तलब कर लिया। कहा, चकबंदी विभाग की लगातार शिकायतें आ रही हैं। कार्य ठीक से नहीं हो रहा है। लोगों को परेशान किया जा रहा है। जिसके चलते वह मुख्यालय पर चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्य शैली में सुधार कर लें, नहीं तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। कहा कि इसको पहली और अंतिम चेतावनी समझें। उन्होंने सीओ व एसीओ को चेताते हुए कहा कि उनकी कोर्ट में लोगों को गुणवत्ता न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसमें सुधार कर लें। इस दौरान एडीएम वित्त व राजस्व बृजेश कुमार त्रिपाठी, बंदोबस्त अधिकारी भी मौजूद रहे।