अमरोहा। सावन माह में पड़ने वाले सोमवार और कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी का फैसला लिया है। डीएम ने सावन के प्रत्येक शनिवार व सोमवार को कक्षा 12 तक का अवकाश घोषित कर दिया गया है। जबकि, शुक्रवार को कक्षा आठ तक का अवकाश घोषित किया गया था।
सावन माह में हाईवे से लेकर प्रमुख मार्गों पर कांवड़ियों के जत्थे गुजरते हैं। सावन के सोमवार के मद्देनजर शनिवार से लेकर सोमवार तक कांवड़ियाें की भीड़ और बढ़ जाती है। लगातार शिक्षक संगठन भी शनिवार व सोमवार के अवकाश की मांग कर रहे थे। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी ने कक्षा एक से आठ तक के बच्चों का अवकाश घोषित किया था। वहीं, शनिवार को यह आदेश कक्षा 12 तक के बच्चों के लिए भी कर दिया गया है।
डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि 29 जुलाई को दूसरा सोमवार है। शनिवार से ही कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में जिलाधिकारी की ओर से कक्षा 12 तक सावन माह के प्रत्येक शनिवार व सोमवार का अवकाश करने का निर्णय लिया है। बता दें कि शनिवार से सोमवार तक कांवड़ियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ती है।