गजरौला। सावन के चौथे सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रविवार को कांवड़ियों का रेला उमड़ पड़ा। सुबह से लेकर शाम तक कांवड़िये डीजे पर थिरकते हुए गुजरे। हाईवे कांवड़ियों के जत्थे से हाईवे शिवमय हो गया।
आज सावन माह के चौथे सोमवार पर कांवड़िये भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए शिवभक्त ब्रजघाट व हरिद्वार से कांवड़ में गंगा जल भर कर निकले। भगवान शिव सहित देवी-देवताओं के चित्रों से कांवड़ को सजाया। कंधे पर कांवड़ लिए कांवड़िये बोल बम का उदघोष करते हुए हाईवे पर आए। दिल्ली-लखनऊ हाईवे कांवड़ियों से भर गया। कांवड़ियों के बेड़े के आगे ट्रैक्टर ट्राली व अन्य वाहनों में बज रहे डीजे पर कांवड़िये मस्ती में थिरकते हुए अपनी मंजिल तय करते हुए गुजरे। रविवार सुबह और शाम को कांवड़ियों के जत्थों से हाईवे भर गया। ब्रजघाट से गजरौला तक कांवड़िये ही दिखाई दे रहे थे। डीएम राजेश कुमार त्यागी ने रविवार शाम हाईवे का भ्रमण कर कांवड़ियों की सुरक्षा का जायजा लिया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए।
-
पूर्व सांसद ने कांवड़ियों को वितरित किया प्रसाद
रविवार को पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल ने अपने समर्थकों संग हाईवे किनारे भंडारा कराया। हाईवे से गुजर रहे कांवड़ियों को रोक कर पूर्व सांसद ने उनकी सेवा की। उन पर फूल बरसाए। पूर्व सांसद ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार में भाजपा की सरकार होने के कारण कांवड़ यात्रा सही चल रही है। कांवड़ियों पर फूल बरसाए जा रहे हैं। उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है, जबकि पूर्व की सरकारों की स्थिति से सब वाकिफ हैं।