अमरोहा। हाईवे पर तेज रफ्तार कार दूध के टैंकर में जा घुसी। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलने पर चौपला पुलिस मौके पर जा पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को वहां से हटवाया। रविवार की रात यह हादसा चौपला चौकी क्षेत्र में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास हुआ। यहां कार और दूध के टैंकर में टक्कर हो गई। चौकी इंचार्ज संत कुमार ने बताया कि यदि कार में एयर बैग न होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं हादसे के बाद मौके पर जाम के हालात बन गए। पुलिस ने क्रेन से दोनों वाहनों को वहां से हटवाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।