गजरौला (अमरोहा)। दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने के कारण कार में सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पहुंंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को निकट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर दो की हालत गंभीर होने के कारण रेफर कर दिए गए।
पुलिस ने बताया कि शाम चार बजे दिल्ली की दिशा से कार कम से कम 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक और उसमें सवार लोग गंगा को देखते हुए जा रहे थे। पीछे से आ रही रोडवेज बस के चालक ने कार चालक को हार्न बजाते हुए कार सही चलाने के लिए इशारा किया, मगर उसने गौर नहीं की। गजरौला की ब्रजघाट चौकी के निकट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। जिससे कार में सवार सोनू व विक्रम निवासी दरबड़ ठेठ बिजनौर, मुजफ्फरनगर राज कुमार, अमरोहा के डींगरा निवासी ललित, कपिल निवासी मुरादाबाद, रामपुर निवासी राजकुमार घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर ब्रजघाट चौकी इंचार्ज राकेश बंसल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। कार सवार घायलों को बाहर निकाला और तुरंत पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर कपिल व रामपुर निवासी राजकुमार को रेफर कर दिया गया। उधर सीओ ऑफिस के सामने दो कारों की साइड लग जाने पर चालकों में कहासुनी के बाद मारपीट की नौबत आ गई। मारपीट होती देख मौके पर भीड़ लग गई। बाद में मामला रफा दफा कर लिया। पुलिस ने बताया कि हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। दो की हालत गंभीर है। जिनको रेफर कर दिया गया है।