रजबपुर (अमरोहा)।
हेलो साहब, हमारे गांव के योगेश को तेंदुआ उठा कर ले गया। कृपया जल्दी आकर उसे बचा लो। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मामला दो पक्षों में मारपीट का निकला। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। यह मामला रजबपुर क्षेत्र के मंगूपुरा गांव का है। गांव निवासी किसान योगेश का गांव के ही एक व्यक्ति से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दबंगों ने योगेश के साथ मारपीट की। इस बीच किसी ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी कि गांव के योगेश को तेंदुआ ले गया। इस पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच की तो मामला मारपीट का निकला। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने शिकायत दर्ज करने वाले नंबर पर कॉल किया तो वह बंद आया। इसके बाद पुलिस लौट गई। मारपीट में घायल योगेश ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि गांव के ही नरेंद्र, हुक्म सिंह और योगिंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।