हापुड़ की दिशा से भारी वाहन आने पर हाईवे और हसनपुर मार्ग पर दिन भर जाम लगा रहा। यातायात को संभालने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। हाईवे पर लंबे जाम के कारण वाहनों को हसनपुर की तरफ से निकाला गया तो यहां भी लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे वाहनों में सवार लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाईवे पर कांवड़ियों के आगमन के कारण भारी एवं मालवाहक वाहनों का रूट डायवर्ट है। हल्के वाहन ही दौड़ रहे हैं। उनके लिए भी एक लेन है। मगर शुक्रवार को हाईवे पर हापुड़ की दिशा से भारी एवं मालवाहक वाहनों का रूट डायवर्ट नहीं किया गया। जिस कारण वह हाईवे पर आ गए। लिहाजा हाईवे पर जाम लग गया। वाहनों के पहिए थम गए। हाईवे पर लंबे जाम के कारण मुरादाबाद की दिशा से आ रहे हल्के वाहनों को गजरौला चौपला से हसनपुर की तरफ मोड़ दिया गया। इस कारण हसनपुर मार्ग पर भी जाम लग गया। वाहनों के पहिये थम गए। दोनों मार्ग पर लंबा जाम लगने के कारण पुलिस हरकत में आई, मगर यातायात को संभालने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। भारी वाहन गुजर जाने के कारण देर शाम यातायात सुचारु हो सका। सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हापुड़ की दिशा से भारी एवं माल वाहक वाहन आ जाने के कारण हाईवे पर जाम लग गया था। जाम और न बढ़ जाए इस कारण मुरादाबाद की दिशा से आने वाले हल्के वाहन भी गजरौला चौपला से हसनपुर की तरफ मोड़ दिए गए थे। जिसके चलते हसनपुर मार्ग पर भी जाम लग गया था। शाम को हाईवे पर हालात सामान्य हो गए। वाहनों ने रफ्तार पकड़ ली।