गजरौला। बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव अहरौला निवासी रूपाली शर्मा की शादी पांच साल पूर्व हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शब्दलपुर मकोड़ा निवासी पुनीत शर्मा के साथ हुई। विवाह के बाद से रूपाली शर्मा व उसके पति नगर की एमडीए कॉलोनी में रहते हैं। आरोप है कि शादी में मिले दहेज से सास नीलम शर्मा व देवर शुभम शर्मा खुश नहीं थे। आरोप है कि उन्होंने विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया। उनके आभूषण भी बैंक में गिरवी रखकर मोटा ऋण निकाल लिया। विवाहिता का यह भी आरोप है कि तीन फरवरी को सास व देवर ने घर पर पहुंचकर उसके साथ अभद्रता की। दहेज में कार एवं अन्य मांग पूरी नहीं करने पर उसकी हत्या करके बेटे की दूसरी शादी करने की धमकी दी। दो दिन बाद देवर ने नशे में धुत होकर उसके आवास के सामने खड़े होकर गाली गलौज की। शनिवार को पुलिस ने सास नीलम शर्मा व देवर शुभम शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।