मंडी धनौरा। रामलीला महोत्सव के लिए मंगलवार को हनुमान जी की झंडा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां संतोषी मंदिर से शुरू हुई यात्रा गढ़ी मंदिर, तिकोना स्कूल, पुराना स्टेट बैंक चौराहा, अग्रसेन बाजार होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच झंडा रामलीला मंच पर स्थापित किया गया। अध्यक्ष जागेश अग्रवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हनुमान जी से प्रार्थना की कि रामलीला महोत्सव के दौरान वह अपनी कृपा बनाएं रखें। यात्रा में शामिल हनुमान जी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, पुनीत मांगलिक, अवनीश अग्रवाल, बिंदु शर्मा, अक्षय अग्रवाल, श्याम वर्मा, शंकरलाल सैनी, विवेक सिंह व सुनील प्रजापति आदि मौजूद रहे। संवाद