नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मिठनपुर कलां गांव में हाजर खां का परिवार रहता है। पेशे से किसान हाजर खां रामपुर जुन्नारदार के रहने वाले गुलफाम को जानते थे। गुलफाम ने बताया की वह गुड़ का कारोबार करता है और व्यापार में मोटा मुनाफा होता है। यदि आप गुड़ के व्यापार में रुपये लगा दें, तो मुनाफा आधा-आधा हो जाएगा। इस पर हाजर खां गुलफाम ने 10 जनवरी 2022 को 11.45 लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा 4.52 लाख रिश्तेदार नन्हे निवासी पपसरा खादर, दामाद मुजम्मिल से 2.15 लाख, हाजर खा के बेटे मजहर खां ने 2.57 लाख, नाजिम ने 4.53 लाख और मुनाजिर ने 77 हजार रुपये गुड़ के कारोबार करने के लिए गुलफाम को दिए थे, लेकिन बाद में न तो रुपये मिले और न ही मुनाफा।
हाजर खां ने रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। हाजर खां ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया की एसीजेएम द्वितीय के आदेश पर आरोपी गुलफाम, उसके भाई गुलसियान, नसरीन, मुस्कान और परवेज आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।