स्कूल के लिए बच्चों को उनके घरों से लेने के लिए जा रहे ई-रिक्शा पर विद्युत खंभा गिर गया। जिसमें करंट की चपेट में आए चालक की मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। लापरवाही के आरोप में बिजली विभाग के एसडीओ और एसएसओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी 25 वर्षीय संजीव कुमार का ई-रिक्शा डिवाइन पब्लिक स्कूल सिकंदराबाद में लगा हुआ था। बृहस्पतिवार की सुबह संजीव कुमार स्कूल के लिए बच्चों को उनके घर से लेने के लिए ई रिक्शा से बीझलपुर व सूवरा गांव जा रहा था। रास्ते में हाईटेंशन लाइन का विद्युत खंभा ई-रिक्शा पर गिरा। इसमें चालक का हाथ कट गया और करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस एवं उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने हंगामा करते हुए विद्युत कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। चालक अपने पीछे दो मासूम बेटे छोड़ गया है। आदमपुर थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि बिजली का करंट लगने से ई रिक्शा चालक की मौत हुई है। उसके पिता सोमपाल की तहरीर पर बिजली विभाग के एसडीओ और एसएसओ के खिलाफ लापरवाही के आरोप की रिपोर्ट दर्ज की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत खंभा तीन दिन पहले सड़क की ओर झुक गया था। तब ग्रामीणों ने हादसे की आशंका जताते हुए आदमपुर बिजली घर पर तैनात कर्मचारियों से उसे ठीक कराने की मांग की थी लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। सरकार से आर्थिक मदद कराने का भरोसा दिया।