हसनपुर (अमरोहा)। मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण तहसील क्षेत्र में तेजी से हो रहा है। उझारी से आदमपुर को जोड़ने वाले मार्ग पर गांव कुआडाली के पास से गंगा एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। मार्ग पर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। इसके नीचे अंडरपास से आवागमन भी शुरू हो गया है। इसके अलावा गांव मंगरौला में तेजी के साथ फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है।
मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है। करीब चार साल पहले गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। निर्माण कार्य 2025 तक पूरा होना प्रस्तावित है। हसनपुर तहसील क्षेत्र के 24 गांवों से होकर गंगा एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। इसमें कई स्थानों पर अंडरपास एवं फ्लाईओवर बनाए जा गए हैं। इसी क्रम में एक फ्लाईओवर उझारी से ढबारसी-आदमपुर को जाने वाले मार्ग पर गांव कुआडाली के नजदीक बनाया गया है। यह बनकर पूरी तरह से तैयार हो चुका है।
इसके बनने से उझारी- ढबारसी मार्ग में आवागमन में आ रही परेशानी खत्म हो गई है। फ्लाईओवर के नीचे से वाहन फर्राटा भर रहे हैं। हालांकि, गंगा एक्सप्रेस-वे पर अधिकारिक रूप से अभी वाहनों का संचालन शुरू नहीं हुआ है, लेकिन कुछ लोगों ने अभी से इस पर सफर करना शुरू कर दिया, जबकि अभी गंगा एक्सप्रेस-वे पूरी तरह से बनकर तैयार भी नहीं हो पाया है। 23.6 किमी में से अभी तक 16 किमी सड़क बनकर ही तैयार हुई है।
- गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी के साथ कराया जा रहा है। कुआडाली के नजदीक फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है। इससे लोगों को लाभ मिल रहा है। सुनीता सिंह, एसडीएम, हसनपुर