गजरौला (अमरोहा)। कारगिल विजय दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर लेह लद्दाख के खरदुंगला में हुई फौजियों की 550 किलोमीटर की दौड़ में गजरौला के गांव हयातपुर निवासी फौजी सतेंद्र सिंह ने प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिस पर उन्हें दिल्ली में सम्मानित किया गया है। जिससे उनके परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
कारगिल विजय दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर कर्नल संदीप मदान के नेतृत्व में पांच सितंबर को लेह लद्दाख के गांव खरदुंगला से फौजियों की 550 किलोमीटर की दौड़ शुरू हुई। जिसमें फौज के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ ही गजरौला के गांव हयातपुर निवासी फौजी सतेंद्र सिंह ने भी प्रतिभाग किया। सतेंद्र सिंह की महाराष्ट्र के सीएडी पुलगांव में तैनाती है। 11 दिन तक लगातार दौड़ लगाकर फौजी लेह लद्दाख से मनाली पहुंचे। उन्होंने बिना रुके रोजाना 50 किमी दौड़ लगाई। दौड़ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के वाले सभी फौजियों को दिल्ली में लेफ्टिनेंट जनरल सुरेश चंद्रा टांडी व मेजर जनरल दीपक आहुजा ने मेडल प्रदान कर सम्मानित करते हुए उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में सूबेदार अनूप जोसफ, हवलदार एपी सिंह, हवलदार एएम राव, हवलदार हरिओम सिंह, लांस नायक संतोष बहरा, लांस नायक नीरज शर्मा, सिपाही शुभम सुंदरम ने प्रतिभाग किया। गजरौला के बेटे द्वारा दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर परिजनों और आसपास के लोगों में खुशी की लहर है। फोन कर सतेंद्र सिंह को बधाई दे रहे हैं।