गजरौला। धनौरा रोड पर वाहन जाने से रोकते ही सोमवार को गजरौला का इंदिरा चौक सुबह से लेकर शाम तक जाम से जूझता रहा। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। हर कोई पुलिस की व्यवस्था को कोसता नजर आया।
फाल्गुन कावड़ यात्रा के चलते शिव भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने लगे हैं। कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर बिजनौर चांदपुर होते हुए धनौरा की तरफ बढ़ रहे हैं। कावड़ियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने धनौरा रोड पर रूट डायवर्जन कर दिया है। गजरौला से बछरायूं, धनौरा, चांदपुर होकर बिजनौर जाने वाले वाहनों को खाद गुर्जर से धनौरा रोड होते हुए नौगांवा, चांदपुर, बिजनौर भेजा जा रहा है। ऐसे में तमाम वाहन चालकों को कुमराला चौकी से वापस लौटना पड़ा। उधर, चौपला और भानपुर फाटक की तरफ से वाहनों का आवागमन होते ही इंदिरा चौक पर जाम लग गया।
थोड़ी देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। चौराहे पर निकालने की होड़ में चालक अपने वाहनों को बेतरतीब ढंग से निकलने की कोशिश करने लगे। जिस कारण दिनभर इंदिरा चौक जाम की जद में रहा। हालांकि पुलिस और यातायात कर्मी जाम खुलवाने में लग रहे। जाम से निपटने के लिए पुलिस ने चौपला से इंदिरा चौक की तरफ आने वाले वाहनों को भानपुर फाटक की तरफ डायवर्ट कर दिया। जिसके बाद शाम करीब चार बजे जाम से निजात मिल सकी। जिसके बाद पुलिस और राहगीरों ने राहत की सांस ली। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि वाहनों को धनौरा रोड पर जाने से रोक दिया गया है। जिसके चलते थोड़ी दिक्कत हुई थी। जाम लगने जैसी कोई बात नहीं है, वाहन धीमी रफ्तार से चल रहे थे।
देर शाम चौपला चौराहे पर लगा जाम
दिनभर इंदिरा चौक जाम से जूझने के बाद देर शाम चौपला पर भीषण जाम लग गया। वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ये जाम इसलिए लगा कि पुलिस ने चौपला से इंदिरा चौक की तरफ आने वाले वाहनों को भानपुर फाटक की तरफ मोड़ दिया है। कांवड़ यात्रा के चलते रूट डायवर्जन को लेकर ये स्थिति महाशिवरात्रि तक बनी रहेगी।