इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ रहे छात्र ने गाय के प्रति ऐसी टिप्पणी की, जिससे दूसरे समुदाय के लोगों को भावनाओं को ठेस पहुंची। उसकी टिप्पणी का वीडियो वायरल होने पर लोगों में रोष फैल गया। पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र निवासी आरोपी छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के बिरमपुर गांव निवासी आसिफ गजरौला के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। उस पर आरोप है कि उसने गाय के प्रति ऐसी टिप्पणी की, जिससे दूसरे समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। इस टिप्पणी से दोनों वर्गों के लोगों में विवाद हो सकता है। उसकी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
एक ग्रुप से जुड़े धनौरी मीर गांव निवासी शिवम राजपूत के मोबाइल पर वीडियो पहुंचा। उनकी भावनाएं आहत हुईं तो वह थाने पहुंचे। पुलिस को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। जिस पर गजरौला थाना पुलिस ने आसिफ के खिलाफ दूसरे समुदाय के लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने के आरोप में अभियोग पंजीकृत किया। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका चालान किया जा रहा है।