आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर राज मिस्त्री से 62 हजार रुपये की ठगी करली गई। थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
थाना क्षेत्र के गांव खाद गुर्जर निवासी लोकेश राज मिस्त्री है। उसने शनिवार को गजरौला थाना परिसर पहुंच कर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में कहा कि उसने 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री पोर्टल पर फोन करके आवासीय योजना के तहत कालोनी दिलाने की गुहार लगाई थी। शुक्रवार को उसके नंबरपर फोन पर कॉल आई। फोन करने वाले ने उसकी कालोनी स्वीकृत होने की बात कहते हुए 7500 रुपये फोन पे कराए। कुछ देर बाद कालोनी कार्ड के नाम पर 19 हजार रुपये जमा करा लिए, जबकि कालोनी पास कराने के नाम पर 35 हजार 500 रुपये भी फोन पे कराने का आरोप है। शनिवार की सुबह उसके फोन पर फिर कॉल आई। फोन करने वाले ने उससे फिर रुपयों की मांग की। जिसके बाद उसे ठगी होने का अहसास हुआ। जिसके बाद उसने गांव के कई लोगों से इस बारे में चर्चा की। बाद में थाने पहुंचा। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।