अमरोहा। अवैध खनन के खिलाफ गुरुवार को अभियान चलाया गया। शहर के अतरासी पुल के पास समेत तीन जगहों पर छापा मारकर चार वाहन पकड़े गए। टीपी नगर पुलिस चौकी समेत विभिन्न जगहों पर पुलिस की सुपुदर्गी में दिया गया है। खनन अधिकारी अशोक कुमार गुरुवार की सुबह में पंजू सराय में पहुंचे। यहां पर ट्रॉली में बालू लाद कर ट्रैक्टर चालक भागने लगा। घेराबंदी कर बाईपास रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली को छोड़ कर चालक भाग निकला। ट्रैक्टर को देहात थाना में बंद कराया गया है। वहीं खेड़ा अपरौला में गिट्टी लदी दो ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़े गए। इसके बाद शाम को शहर के अतरासी पुल के पास एक ट्रक खड़ा दिखा, जिसमें बालू लदा मिला यह ट्रक रामपुर से आ रहा था। खनन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रक को टीपी नगर पुलिस चौकी के पास खड़ा कराया गया है। संवाद