गांव बुरावली में अलग-अलग स्थानों पर रखे चार ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब हैं। जिससे ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। शिकायत के बावजूद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। नाराज लोगों ने बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि शिव मंदिर के पास रखा ट्रांसफार्मर, अलीशेर के घर के पास रखा ट्रांसफार्मर, कब्रिस्तान के पास रखा ट्रांसफार्मर और हिरनौटा मार्ग पर रखा ट्रांसफार्मर चार दिनों से फुंके पड़े हैं। शिकायत के बावजूद भी कोई समाधान नहीं हो सका। गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को बुरावली बिजलीघर पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। बिजली नहीं मिलने से फसलें सूख रही हैं। सिंचाई भी नहीं हो पा रही है। जिससे किसानों को अधिक समस्या उठानी पड़ रही है। शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। शिव मंदिर के पास वाले ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि 250 किलोवाट कराई जाए। केबीसी लाइन में फाल्ट को ठीक कराया जाए। कई घंटों तक धरना-प्रदर्शन चलता रहा।
एसडीओ अजीत सिंह ने कहा कि बिजली कनेक्शन की रसीद जमा करने पर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि बढ़ा दी जाएगी। जिसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। कहा कि पहले भी 80 फ़ीसदी रसीदें जमा कर चुके हैं। इसके बावजूद भी क्षमता वृद्धि नहीं बढ़ाई जा सकीं। प्रदर्शन करने वालों में नईम, अशरफ अली, वाजिद, हरकेश ,जावेद अली, मास्टर चंद्रसेन, रामभरोसे, शाहनावाज, लालू, संजय, सलमान, सुरेश जाटव, सद्दाम, शेरा, तैयब, शादाब,चरण सिंह जाबिर आदि मौजूद रहे। एसडीओ अजीत सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा बिजली कनेक्शन की 100 रसीदें जमा करने पर ट्रांसफार्मर की वृद्धि की जाएगी।