गजरौला। एमडीए की टीम ने बेसमेंट में संचालित चार लाइब्रेरी व दो कोचिंग सेंटर सील कर दिए। उनके द्वारा की गई कार्रवाई से कोचिंग सेंटर संचालकों और लाइब्रेरी मालिक सकते में रह गए।
पिछले दिनों दिल्ली में बेसमेंट में पानी भरने से तीन विद्यार्थियों की मौत के बाद शनिवार को एमडीए की टीम नगर में आई। यहां पर बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाया। उन पर चेकिंग की, जो भीड़भाड़ वाले इलाके में चल रहे हैं और उनमें सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्या हैं। एमडीए ने ओम लाइब्रेरी, विद्यापीठ, सुभाष चंद्र, दानवीर सिंह की लाइब्रेरी व मिशन कोचिंग सेंटर व और योगेश कुमार के कोचिंग सेंटर को सील किया। एमडीए के जोन प्रभारी केएन जगूड़ी ने बताया कि चार लाइब्रेरी व दो कोचिंग सेंटर सील किए गए हैं।