अमरोहा। घर से निकलने के बाद छात्र समेत चार युवतियां गायब हो गईं। परिजनों के काफी तलाश करने के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने अमरोहा नगर और डिडौली कोतवाली में केस दर्ज कराए हैं। पुलिस लापता युवतियों की तलाश में जुट गई है।
पहला मामला अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां रहने वाले मजदूर की 16 वर्षीय बेटी को बिजनौर जनपद में नहटौर थानाक्षेत्र के मीरा की सराय का रहने वाला लियाकत बहला फुसलाकर ले गया। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। मामले में किशोरी के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि तीन मामले डिडौली कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव से जुड़े हैं। यहां रहने वाले किसान की 15 वर्ष की बेटी एक इंटर कॉलेज में दसवीं की छात्रा है। 15 सितंबर की सुबह साढ़े सात बजे छात्रा स्कूल की ड्रेस में साइकिल लेकर घर से निकली थी। लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। इस मामले में छात्रा के पिता ने पड़ोस के गांव नौरंगी के रहने वाले सचिन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
इसी कोतवाली क्षेत्र के एक और गांव के रहने वाली दो युवतियां शनिवार को बिना बताए कहीं चली गईं। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कहीं सुराग नहीं लगा। इस मामले में भी एक युवती की तहरीर पर उसकी बहन और गांव की एक अन्य युवती के गायब कराने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि युवती की तलाश की जा रही है, जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।