अमरोहा। विधायक महबूब अली के पूर्व एमएलसी बेटे परवेज अली व शाहनवाज अली पर दर्ज मुकदमे में आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल होने के बाद दोनों भाइयों के तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त हो सकते हैं। जिसकी डीएम न्यायालय में सुनवाई चल रही है। डीएम ने नगर कोतवाली पुलिस से मुकदमे संबंधित अपडेट रिपोर्ट मांगी है। अब अगली सुनवाई 20 दिसंबर को होगी।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक विधायक समेत उनके परिवार में सात शस्त्र लाइसेंस हैं। अमरोहा नगर के मोहल्ला सराय निवासी शाहनवाज ने एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें दावा किया गया कि तीन दिसंबर 2022 की शाम पूर्व एमएलसी परवेज अली व उनके भाई शाहनवाज अली, समर्थक इकरार नगर निवासी फरमान अली और मोहल्ला लकड़ा निवासी लईक मलिक घर में घुस आए थे। हथियारों के बल पर धमकाया और अपहरण करके दानिशमंदान स्थित विधायक महबूब महबूब अली के आवास में ले गए। वहां बंधक बनाकर रखा और कई कागजों तथा फोटो पर हस्ताक्षर कराते हुए मोबाइल से उनके फोटो खींचे। पूर्व एमएलसी परवेज अली, भाई शाहनवाज अली ने तमंचे से धमका कर जेब से कागजात और दो हजार रुपये लूट लिए। साथ ही उस शिकायत का खंडन लिखने के लिए दबाव बनाया, जिसमें पूर्व एमएलसी परवेज अली, परवेज के भाई शाहनवाज अली, परवेज की पत्नी (महबूब अली की पुत्रवधू) नीलोफर के तीन स्थानों पर वोट होने की अनियमितता उजागर की गई थी।
-
विधायक महबूब अली के पूर्व एमएलसी बेटे परवेज अली व शाहनवाज अली के तीन शस्त्र लाइसेंस निलंबित चल रहे हैं। निरस्त को लेकर सुनवाई चल रही है। पुलिस से मुकदमा संबंधित अपडेट मांगी गई है। अगली सुनवाई 20 दिसंबर को होगी।
- राजेश कुमार त्यागी, डीएम