गजरौला(अमरोहा)। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हाजी भुट्टो व उनके भतीजे ने बालू खनन का पट्टा दिलाने के नाम पर ग्राम प्रधान के पुत्र से एक करोड़ रुपये हड़प लिए। ग्राम प्रधान के पुत्र के घर जाकर गाली गलौज कर मारपीट की। जान से मारने की नीयत से तमंचा तान दिया। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
थाना क्षेत्र के गांव शहवाजपुर डोर निवासी मोहित कश्यप की माता कुसुमलता ग्राम प्रधान हैं। मोहित कश्यप की एमके कांट्रेक्टर्स नाम से फर्म है। 2021 में मोहित व अंकित मावी की जान पहचान मोहम्मदाबाद गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुमताज अली उर्फ हाजी भुट्टो से हुई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बालू खनन का व्यापार करते हैं। उनका आरोप है कि हाजी भुट्टो ने उनसे कहा कि उनका नरौरा के ऊंचा गांव व लोनी के पचारा में बालू खनन का पट्टा है। यदि कुछ मुनाफा कमाना चाहते हो उनके साथ लग जाओ। इसके लिए उनको रकम खर्च करनी पड़ेगी। हाजी भुट्टो की बातों पर यकीन कर 30 लाख रुपये 17 नवंबर-21 को हाजी भुट्टो को नकद दिए। इससे पहले पांच नवंबर-21 को हाजी भुट्टो के भतीजे मोमीन अली को पांच लाख रुपये दिए। अलग-अलग तारीखों में उनको 70 लाख रुपये व्यवसाय करने के लिए खाते में भेजे।
दो महीने बाद उन्होंने हाजी भुट्टो से अपने हिस्से का मुनाफा मांगा। वह टाल मटोल करने लगे। कई बार उनके घर जाकर तकाजा किया। 17 दिसंबर-23 की सुबह 11 बजे पूर्व ब्लाॅक प्रमुख व उनका भतीजा मोमीन अली तमंचे लेकर शहवाजपुर डोर में मोहित कश्यप के घर पहुुंचे। उनका आरोप है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने गाली गलौज की। मारपीट की। पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख हाजी भुट्टो व उनके भतीजे मोमीन अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।
उनको मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी है, लेकिन मुकदमा दर्ज किस धारा में दर्ज किया गया है, यह पता नहीं है। एफआईआर की कॉपी मिलने पर अधिक बता सकेंगे-
मुमताज उर्फ हाजी भुट्टो, ब्लॉक प्रमुख गजरौला