अमरोहा। भाकियू शंकर गुट के पदाधिकारियों ने ट्यूबवेल पर जबरन लगाए जा रहे मीटर को रोकने की मांग समेत अन्य मांगों को लेकर एडीएम न्यायिक से वार्ता की। जिस पर एडीएम ने निस्तारण का आश्वासन दिया।
भारतीय किसान यूनियन शंकर गुट के पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर शासन द्वारा किसान व आवाम हित में जारी योजनाओं को धरातल पर शत-प्रतिशत उपलब्ध कराने के लिए वार्ता की गई। अपर जिलाधिकारी न्यायिक माया शंकर से कहा कि विद्युत विभाग ने आज तक घरेलू उपभोक्ताओं को मीटर की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की है, बल्कि इसके विपरीत ट्यूबवेल पर मीटर लगाए जा रहे हैं। 33/11 विद्युत स्टेशन कपूरपुर पर संबंधित ट्यूबवेल किसानों के मीटर जमा कराने का कार्य भाकियू शंकर करेगा। जिला संरक्षक चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि विद्युत संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए बुधवार को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम, उपखंड अधिकारी विद्युत वितरण खंड पंचायत स्थल पर नहीं पहुंचते हैं तो वे धरने को विवश होंगे। इस दौरान मास्टर सत्यवीर सिंह, विक्रम पवार, महिपाल सिंह, बलवीर सिंह, ओमपाल सिंह, ओमप्रकाश सिंह, देवेंद्र सैनी, धर्मदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।