अमरोहा। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद सुरक्षा विभाग की टीम ने क्षेत्र में छापामार कर अलग-अलग स्थानों से दुकानों एवं तेल की फैक्ट्री से नमूने लिए हैं। जिससे दुकानदारों में खलबली मची हुई है।सोमवार को अभिहित अधिकारी सुनील कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद सुरक्षा विभाग की टीम गुरु कृपा इंडस्ट्रीज पर पहुंची। मिलावट के संदेह के आधार पर पैकिंग के लिए रखे सरसों के तेल का नमूना लिया। इसके बाद ग्राम कोटा में गीतेश कुमार शर्मा की डेयरी पर छापामार कार्रवाई की गई। मिलावट का संदेह होने पर देसी घी का नमूना लिया। गजरौला रोड स्थित सिहाली जागीर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। राज जनरल स्टोर से व्रत में प्रयोग हेतु रखे चौलाई का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा अलग-अलग दुकानों से लगभग 20 किलो सड़े गले, कटे-फटे फल नष्ट कराए गए। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अग्रिम कार्रवाई रिपोर्ट प्राप्ति के बाद की जाएगी द्य टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार और तन्मय अग्रहरि साथ रहे।