गंगा में आई भीषण बाढ़ के पानी ने तिगरी को हाईवे से जोड़ने वाले मार्ग को बंद कर दिया है। ओसीता जगदेवपुर के सामने अंडरपास के निकट दो से तीन फीट पानी भरने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ उससे कार व अन्य चार पहिया वाहन नहीं गुजर रहे हैं। उनको आने जाने के लिए 20 किमी का चक्कर काटना पड़ रहा है।
हाईवे पर ओसीता जगदेवपुर के सामने से तिगरी के लिए रास्ता जाता है। तिगरी मार्ग पर कुमराला चौकी के सामने से धनौरा, बिजनौर, चांदपुर आदि को आने जाने के लिए यह मार्ग सबसे मुफीद रहता है। गजरौला का एक तरफ से 20 किमी का चक्कर काटना नहीं पड़ता। मगर बीते दिनों आई बाढ़ के कारण ओसीता जगदेवपुर के सामने सड़क पर दो से तीन फीट पानी भर गया। जिससे रास्ता बंंद हो गया।
बैलगाड़ी का आना जाना बंद, नाव से चारा ला रहे ग्रामीण
गजरौला।
कांकाठेर और ओसीता जगदेवपुर के खेतों को जाने वाले रास्ते में इस समय आठ से दस फिट पानी भरा हुआ है। जिससे बैल गाड़ी नहीं गुजर सकतीं। इस कारण ग्रामीण नाव में सवार होकर खेताें से चारा ला रहे हैं। ओसीता जगदेवपुर निवासी किसान धीरज सिंह का कहना है कि खेतों में इस कदर पानी भरा है कि नाव से ही चारा लाया जा सकता है। कांकाठेर निवासी शीशपाल, प्रेम चंद्र का कहना है कि गंगा में आई बाढ़ से किसी भी खेत में सब्जी, चारा आदि की फसल नहींं बची है। इस बार आई बाढ़ का पानी पक्की सड़क को पार कर कांकाठेर व ओसीता के खेतों में भर गया है।