अमरोहा। लोगों की लापरवाही के कारण कोरोना संक्रमण धीरे धीरे बढ़ता जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य कर्मी समेत पांच लोग और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मरीजों को होम क्वारंटीन किया गया है। फिलहाल जिले में 35 केस सक्रिय चल रहे हैं।
सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि शनिवार को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा, धनौरा, गजरौला, हसनपुर, जोया, रहरा और डीसीएच में 237 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। इसमें 161 ने आरटीपीसीआर जांच कराई है। जबकि 76 लोगों ने एंटीजन जांच कराई। इस दौरान जोया के रहने वाले चार और डीसीएच अस्पताल में एक स्वास्थ्य कर्मी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि मार्च से अब तक 55 केस मिल चुके हैं। जिनमें से 20 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। फिलहाल कोरोना के 35 मरीजों का इलाज चल रहा है। जनपद में 28 कंटेनमेंट जोन बने हुए हैं। सीएमओ ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।