जिले में डेंगू बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। अब जोया के फरीदपुर गांव में डेंगू के पांच मरीज मिले हैं। उसके साथ सरकारी और प्राइवेट अस्पताल में भर्ती डेंगू के मरीजों की संख्या 26 हो गई है।
सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि सोमवार को अमरोहा के गांव देहरा, याहयापुर, गंगेश्वरी के गांव आदमपुर ढबारसी व रहरा, जोया के गांव डिडौली व सरखडा कमाल, धनौरा के गांव इश्वरदेवा में विभाग द्वारा स्वास्थ्य कैंप लगाए गए हैं। जिनमें कुल 649 रोगियों की जांच की गई। जिसमें 162 बुखार के मरीज पाए गए। सभी बुखार के मरीजों की एनएस-वन, टायफाइड, मलेरिया की आरडीटी किट द्वारा जांच की गई। इस दौरान जोया के फरीदपुर गांव में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि अब जिला संयुक्त चिकित्सालय में आठ, निजी जीवन ज्योति अस्पताल जोया रोड में चार, मिताली अस्पताल में दो, कलावती नर्सिंग होम गजरौला में तीन, पैनसिया अस्पताल में आठ डेंगू के मरीज भर्ती हैं। बताया कि जिला अस्पताल में कुल 40 डेंगू बेड उपलब्ध है। प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थय केंद्रों पर अनिवार्य रूप से चार से छह मच्छरदानीयुक्त डेंगू बेड उपलब्ध है जिनमें अधिकांश रिक्त हैं।