मंडी धनौरा। शेरपुर चुंगी के निकट एक मेडिकल स्टोर में मंगलवार की देर रात आग लग गई। दुकान के भीतर से निकल रही आग की लपटें देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस से सूचना मिलने पर दवा विक्रेता भी मौके पर पहुंच गया। आस पड़ोस में रहने वाले लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। बाईपास मार्ग पर आरिश मेडिकल स्टोर है। मंगलवार की रात करीब 10 बजे मेडिकल स्टोर से आग की लपटें देखकर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फोन कर दवा विक्रेता अब्दुल अहद को भी बुला लिया। मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे। दवा विक्रेता ने दुकान का शटर खोला तो धुएं का अंबार बाहर की ओर निकला। लोगों ने पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। दवा विक्रेता का कहना है कि आग से कई लाख की दवाएं नष्ट हो गई हैं।