नौगांवा सादात (अमरोहा)। एक परिवार के खानदानी कब्रिस्तान में जबरदस्ती कब्र खोदने का विरोध करने पर दबंगों ने युवक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस में बिगड़ते हालात संभाले। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई। बाद में सशर्त बुजुर्ग के शव का दफीना कराया गया। अब दोनों पक्ष अपने कागज लेकर एसडीएम के सामने पेश होंगे।
ये मामला नौगांवा सादात का है। मोहल्ला हटावाला कर्बला रोड में रहने वाले शादाब रजा के परिवार का खानदानी कब्रिस्तान बेल का तालाब के पास है। आरोप है कि कुछ लोग कई वर्षों से कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को मोहल्ला बंगाल के रहने वाले 58 वर्षीय मोजिस हुसैन की मौत हो गई। इसके बाद कुछ लोग बेल का तालाब के पास स्थित कब्रिस्तान में कब्र खोदने पहुंच गए। आरोप है कि शादाब रजा ने इसका विरोध किया तो कब्र खोदने वाले लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद हंगामा हो गया। दोनों पक्ष सामने सामने आ गए। जमकर लात-घूंसें चले। पीड़ित शादाब रजा ने डायल 112 पुलिस को मौके पर बुला लिया।
विवाद बढ़ता देखते ही नौगांवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझने का प्रयास किया। पीड़ित शादाब रजा ने मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ तैयारी दे दी। कई घंटे की तशक्कत के बाद कस्बे के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में मृतक का दफीना कराया गया। साथ समझौते में ये भी तय हुआ कि दोनों पक्ष कब्रिस्तान के संबंधित दस्तावेज एसडीएम के सामने प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद कागजों के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति के बाद मृतक के शव का दफीना कर दिया गया है। अब दोनों पक्ष अपने-अपने कागज एसडीएम के सामने प्रस्तुत करेंगे।