उझारी मार्ग पर गांव बागड़पुर मुंजप्ता और चौकुनी के बीच बाइक सवारों में ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी के बाद नोकझोंक हो गई। बाइक सवार युवक का पीछा करते हुए कुछ युवकों ने उसे ढबारसी में बस अड्डे पर रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। हालांकि, कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
यह घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। बाइक ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई। कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक दूसरे युवक की डंडों से पिटाई कर रहा है। कुछ लोग बीच बचाव का प्रयास कर रहे हैं। मारपीट के दौरान जमकर हंगामा हुआ। हालांकि मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। वीडियो की जांच कराने और तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।