अमरोहा। शहर के एक मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच मारपीट हो गई जमकर बैट और स्टंप चले। मारपीट होता देखकर दर्शकों में भगदड़ मच गई। इस दौरान टूर्नामेंट के आयोजकों ने खिलाड़ियों को समझा कर विवाद शांत कराया। फाइनल मुकाबला नहीं खेला जा सका। मामले में पुलिस कार्रवाई भी नहीं हुई है।
अमरोहा नगर के दाउद सराय रोड स्थित एक मैदान में पिछले कुछ दिन से टेनिस बॉल से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा था। बृहस्पतिवार को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला था। मैच शहर की दो टीमों के बीच खेला जा रहा था। चर्चा है कि इस दौरान गेंदबाज ने दो डॉट बॉल फेंकने के बाद बल्लेबाज की तरफ आपत्तिजनक इशारा करते हुए चिढ़ाना शुरू कर दिया। जिसके बाद बल्लेबाज ने गेंदबाज की अगली दो गेंदों पर लगातार छक्के जड़ दिए। इस दौरान बल्लेबाज ने भी फील्डिंग कर रहे खिलाड़ियों से गेंद उठाकर लाने का इशारा कर दिया। बस इसी बात को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। इससे पहले लोग कुछ समझ पाते दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बल्ला और स्टंप चलने लगे। मारपीट होता देख कर मैदान में मौजूद दर्शकों में भगदड़ मच गई।
हालात बिगड़ते देख टूर्नामेंट के आयोजक भी मैदान में पहुंच गए। कमेटी में सीनियर खिलाड़ी शामिल थे, इसलिए उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को समझकर बीच बचाव कर दिया। इस मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, विवाद के चलते फाइनल मुकाबला भी नहीं खेला जा सका।