धनौरी मीर के बाद अब आलमपुर कैच गांव में वायरल बुखार कहर बरपा रहा है। गांव में सौ से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। तमाम लोग झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराने को मजबूर हैं। शिकायत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की के चिकित्सक गांव में नहीं पहुंचे। ग्रामीणों में डेंगू और मलेरिया फैलने की दहशत बनी हुई है।
नौगांवा सादात तहसील क्षेत्र के गांव आलमपुर कैच की आबादी करीब 10 हजार है। यहां तीन हजार से अधिक मतदाता है। बारिश के बाद इस गांव के तमाम लोग बुखार की चपेट में आ गए हैं। घर-घर में बुखार के मरीज है। तमाम लोग घर में ही ड्रिप लगवा रहे हैं। जो लोग चल फिर सकते हैं वह झोलाछाप उनकी दुकान पर जाकर इलाज कराने को मजबूर हैं। गांव में कीचड़ पसरी हुई है। साफ-सफाई भी अच्छी तरह नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में मच्छरों का प्रकोप अधिक है। एक घर में दो से तीन लोग बुखार से पीड़ित हैं। गांव बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या 100 से अधिक है। लोगों की बीमारी के संबंध में कई बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अवगत कराया गया। लेकिन डॉक्टर गांव आने को तैयार नहीं है।
एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि गांव में टीम भेजकर ग्रामीणों का उपचार कराया जाएगा।