हसनपुर। बेटे की शादी से 15 दिन पहले हार्ट अटैक से पिता की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
नगर के मोहल्ला राजपूत कालोनी निवासी 56 वर्षीय रामवीर सिंह चौहान के तीन बेटे हैं। बड़े दो पुत्रों रवि चौहान व लकी चौहान की 12 मार्च को शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। खुशी का माहौल था। रामवीर सिंह चौहान ने अपने घर के पास ही स्थित पशुशाला में गाय पाल रखी थी। रोजाना की तरह रविवार की सुबह करीब पांच बजे वह गाय को चारा डालने के लिए उठे थे। इस दौरान अचानक उनके सीने में दर्द की शिकायत हुई और बेहोश होकर गिर गए। आनन-फानन में बेहोशी की हालत में परिजनों ने पास के ही निजी चिकित्सक को दिखाया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। घर में चल रही शादी की खुशियां काफूर हो गईं।