मंडी धनौरा। माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों की संकुल स्तरीय बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को फतह सिंह यादव इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर लोहर्रा में किया गया। प्रतियोगिता फतह सिंह यादव इंटर कॉलेज की टीम का दबदबा रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य देवव्रत यादव ने किया।
जूनियर वर्ग में फतह सिंह यादव इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर लोहर्रा ने कंपोजिट विद्यालय ढ्योटी को 23-3 के बड़े अंतर से पराजित किया। सब जूनियर वर्ग में भी फतह सिंह यादव इंटर कॉलेज की टीम ने बीएमएस इंटर कॉलेज मुकीमपुरा को 17-9 से पराजित किया। सीनियर वर्ग में फतह सिंह यादव इंटर कॉलेज की टीम ने तुषार पब्लिक इंटर कॉलेज मोहद्दीनुपर की टीम को 26-8 से पराजित कर अपना दबदबा कायम रखा। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार आयुष, राहुल, आदित्य, रजत कुमार को दिया गया। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, राजकीय हाईस्कूल ढयोटी, बीएमएस इंटर कॉलेज मुकीमपुरा, तुषार इंटर कॉलेज, एमजेपी इंटर कॉलेज, रतन बाबा टिकैत इंटर कॉलेज खाबड़ी, जनता माध्यमिक विद्यालय कमेलपुर आदि की टीमों ने भाग लिया। सुनील भाटी, विपिन यादव, सुमित कुमार, कपिल रेफरी की भूमिका में रहे। इस मौके पर सुरभि यादव, विकास गंगवार आदि मौजूद थे।