मंडी धनौरा (अमरोहा)। भारतीय किसान यूनियन शंकर की पंचायत में जिले की चीनी मिलों को 25 अक्तूबर से चलाए जाने की मांग की गई है। वहीं, प्रदेश सरकार से पेराई सत्र के लिए गन्ने का रेट 450 रुपये घोषित करने पर जोर दिया गया।
भाकियू शंकर की पंचायत मंगलवार को ब्लॉक परिसर में की गई। जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि गांव आजमपुर में चकबंदी को लेकर ग्रामीणों में रोष है। चकबंदी अधिकारियों के गलत रवैये के कारण गांव के 250 परिवारों के समक्ष बेघर होने का खतरा मंडराने लगा है। पंचायत में खतौनियों में किसान का नाम व हिस्सा गलत होने की खामियों को अभी तक दूर नहीं करने पर रोष व्यक्त किया गया। पंचायत में किसानों ने बिजली बिलों में संशोधन के नाम पर कर्मचारियों पर वसूली करने का आरोप लगाया।
पंचायत में आए उपखंड अधिकारी राजन सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पंचायत में छुट्टा पशुओं के साथ तेंदुए, बंदरों व आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग भी की गई। पंचायत में कीटनाशक दवाओं पर बहुत अधिक रेट डाले जाने की शिकायत की गई। इस अवसर पर सत्यपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, पहलवान सिंह, राजबाला, जोनी, नेमपाल सिंह, नरपत सिंह, राकेश कुमार, सुंदर सिंह, हरपाल सिंह, मारूफ सलमानी आदि मौजूद थे।