अमरोहा। एसडीएम सदर ने ग्राम मीरा सराय में जेल के लिए अधिगृहीत की गई भूमि के लिए एसडीएम ने किसानों से बात कर जेल निर्माण के लिए स्वीकृति देने वाले किसानों से बैनामा कराने को कहा। जिस पर किसानों ने कहा कि वह चार गुना सर्किल रेट पर ही अपनी भूमि देंगे।
शुक्रवार उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार गांव मीरा सराय पहुंचे। उन्होंने जेल के लिए भूमि क्रय करने के लिए किसानों से वार्ता की। इन किसानों के द्वारा 2017 में अपनी भूमि देने के लिए सहमति दी गई थी। उनसे वार्ता कर बताया गया कि धनराशि शासन से प्राप्त हो गई है। जो किसान जिस क्रम में बैनामा कराएंगे, उनके खाते में धनराशि भेजी जाएगी।
किसानों ने कहा कि उन्हें सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा चाहिए तभी वे अपनी भूमि देंगे। जिस पर सहमति नहीं बन सकी। एसडीएम सदर अनिल कुमार ने बताया कि गांव मीरा सराय में भूमि अधिगृहित कराने वाले किसान सर्किल रेट से अधिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जिससे जमीन अधिग्रहण में दिक्कत आ रही है। किसानों के साथ वार्ता असफल रही। आगे भी प्रयास जारी रहेगा।
इस दौरान विशेष भूमि अध्यक्ष के अधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, डिप्टी जेलर, नोडल अधिकारी भूमि क्रय, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल व अन्य संबंधित मौजूद रहे।