बेशकीमती जमीन पर कब्जे से आहत किसान ने पलायन की चेतावनी दी । प्रभारी मंत्री की आमद की तैयारियों को लेकर आनन फानन में किसान की पत्नी की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामला शहर के मोहल्ला किशनगढ़ से जुड़ा है। यहां के निवासी हरि सिंह ने रविवार को शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि वासुदेव तीर्थ स्थल के नजदीक जटीवन पार्क के पास उनकी कुछ कृषि भूमि है। रात में पहुंचे कुछ भूमाफिया ने जमीन पर कब्जे का प्रयास किया। सेम की फसल को तहस-नहस कर दिया। फसल की निगरानी के लिए खेत पर बनाई गई झोपड़ी में आग लगा दी। साथ ही दो पशु चोरी करने का भी आरोप लगाया था। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर पीड़ित किसान परिवार में खेत में ही बैनर लगाकर पलायन करने की चेतावनी दी थी।
सोमवार को प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की जिले में आमद से पहले पलायन की इस चेतावनी से पुलिस-प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मचा गया। डीएम बीके त्रिपाठी ने राजस्व विभाग की टीम को मौका पर दौड़ाते हुए पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तलब की। वहीं, शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में किसान की पत्नी ममता की तहरीर पर मोहम्मद आरिफ निवासी मोहल्ला लकड़ा व सुहैल अहमद निवासी मोहल्ला घेर पछय्या के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसान की पत्नी ममता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपों की जांच कराई जा रही है। आरोपी पक्ष को जमीन से संबंधित दस्तावेजी रिकॉर्ड के साथ तलब किया गया है। जांच होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -विजय कुमार राणा, सीओ सिटी