अमरोहा/आदमपुर। बुखार और डेंगू लगातार आफत बनता जा रहा है। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव गारबपुर में 60 वर्षीय किसान गजराम की बुखार से मौत हो गई। उन्हें तीन दिन पूर्व बुखार आया था। उधर, शनिवार को जिला अस्पताल में भी बड़ी संख्या में बुखार के मरीज भर्ती रहे। जबकि, सात नए डेंगू के मरीज मिले।
आमदपुर थाना क्षेत्र के गांव गारवपुर उर्फ रुस्तमपुर निवासी साठ वर्षीय गजराम पुत्र गंगाराम की मौत हो गई। उन्हें तीन दिन पहले बुखार आया था और ढबारसी में स्थित निजी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था और हालत गंभीर होने पर मेरठ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। मृतक चार भाई बहनों को रोता बिलखता छोड़ गया। जबकि, जिले में हर दिन बुखार से मौत होने का सिलसिला जारी है। शनिवार को जिला अस्पताल के वार्डों में बुखार से 72 मरीज भर्ती थे। आलम यह था कि एक बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, डेंगू वार्ड में 16 मरीज भर्ती हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि शनिवार को 16 डेंगू आशंकित मरीजों की रेपिड जांच हुई। जिसमें सात लोग डेंगू पॉजिटिव निकले। सभी का एलाइजा टेस्ट कराया जा रहा है। बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों का बेहतर इलाज किया जा रहा है।